बंजार की मशियार पंचायत के घलियाड में गोशाला में लगी आग को बुझाते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Kullu
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल की मशियार पंचायत के घलियाड में दोमंजिला गोशाला जलकर राख हो गई। पशुओं को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अग्निकांड में दो लाख रुपये के नुकसान का हुआ है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया और साथ लगते घरों को जलने से बचाया।
मंगलवार दोपहर को झाबे राम पुत्र परी दत्त निवासी घलियाड की गोशाला में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने आग की लपटें निकलती देखीं। अग्निशमन विभाग को सूचना दी। ग्रामीण ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन गोशाला राख के ढेर में बदल गई। हालांकि ग्रामीणों ने सूझबूझ से साथ लगते घरों को जलने से बचाया। घलियाड गांव की वार्ड पंच डोलमा देवी ने बताया कि दोमंजिला गोशाला की निचली मंजिल में पशु थे जबकि ऊपर पशुओं के लिए चारा व कृषि उपकरण रखे हुए थे। तहसीलदार बंजार पृथी चंद ने बताया कि हलका पटवारी को नुकसान का आंकलन करने के लिए भेजा गया है।