मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के तीन सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की घोषणा की। साथ ही चुराह क्षेत्र की 15 हजार महिलाओं को सरकार के चार साल पूरे होने के बाद 1500 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे दिवंगत नंद लाल बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ अपने पैतृक गांव देवठी में पंचतत्व में विलीन हो गए। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार की कुंडली इतनी खराब हो चुकी है कि कांग्रेस अगले 30 वर्षों तक सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी। जुब्बल पुलिस ने नेहनार-जुब्बल मार्ग पर गश्त के दौरान 33 ग्राम चिट्टे के साथ 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं प्रदेश की दिनभर की प्रमुख खबरों को विस्तार से।