भगेड़ (बिलासपुर)। आंगनबाड़ी सहायिका और कार्यकर्ता के पद भरे जाने हैं। उम्मीदवार अपना आवेदन दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों की सत्यापित छाया प्रति के साथ 22 अगस्त तक कर सकते हैं। साक्षात्कार 23 अगस्त को सुबह 10 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी घुमारवीं के कार्यालय में होगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी घुमारवीं रंजना शर्मा ने बताया कि विकास खंड घुमारवीं की ग्राम पंचायत दकड़ी के आंगनबाड़ी केंद्र चुवाड़ी, ग्राम पंचायत हवान के गांव चुराड़ी, सरयून चलेहली के सरयून खास और नगर परिषद घुमारवीं के लेहड़ में आंगनबाड़ी सहायिका के पद भरे जाएंगे। उम्मीदवार का आठवीं पास होना आवश्यक है। ग्राम पंचायत दधोल के आंगनबाड़ी केंद्र जसवानी, नगर परिषद घुमारवीं के आंगनबाड़ी केंद्र घुमारवीं-1 और ग्राम पंचायत मेहरी काथल के न्यू में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पद भरे जाएंगे। उम्मीदवार को बारहवीं पास होना आवश्यक है। आंगनबाड़ी सहायिका और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र हैं। आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रार्थी का नाम आंगनबाड़ी केंद्र के परिवारों की सूची में शामिल हो। परिवार की सालाना आय 35 हजार रुपये से अधिक न हो।