-केरल में 26 दिसंबर से आयोजित होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
-शीघ्र जारी होगी चयनित खिलाड़ियों की सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए प्रदेश स्तर की टीम के चयन के लिए रविवार को लुहणू खेल परिसर के हैंडबाल मैदान में ट्रायल हुआ। ट्रायल में प्रदेश भर से 47 खिलाड़ियाें ने भाग लिया।
एसोसिएशन इंडिया की ओर से होने वाली प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की वरिष्ठ राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 दिसंबर तक केरल में किया जा रहा है। हैंडबाल एसोसिएशन इंडिया की ओर से हैडॉक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी की देखरेख में यह ट्रायल आयोजित किए गए। चयनकर्ताओं में हैंडबाल कोच चंदन ठाकुर, सुशील कुमार और प्रेम कुमार ने चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को देखा। हैंडबाल कोच चंदन सिंह ठाकुर ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में 47 खिलाड़ियों ने लिए खूब पसीना बहाया। शीघ्र ही राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम घोषित कर दी जाएगी। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर बिलासपुर जिले के बरठीं में चलेगा जहां एनआईएस हैंडबाल कोच चंदन सिंह ठाकुर उनको प्रशिक्षण देंगे। 23 दिसंबर को टीम केरल के लिए रवाना होगी। इस अवसर पर पूर्व कप्तान व हैंडबाल कोच राजेश मेहता, आंचल चंदेल कर्ण चंदेल उपस्थित रहे।