पंजाब से नकली करेंसी लाकर हरियाणा सिरसा में सप्लाई किए जाने मामले को लेकर सीआईए ओर शहर थाना पुलिस ने शनिवार देर रात एक महिला को काबू किया है। हालांकि उसका बेटा उस समय बाजार में करेंसी चलाने के लिए गया हुआ था। घर में पुलिस की रेड पड़ने की सूचना मिलने पर उक्त युवक फरार हो गया। सीआईए टीम आरोपी युवक को काबू करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला के पास से एक लाख 11 हजार के नकली नोट बरामद हुए हैं। आरोपी महिला की पहचान सुखविंद्र कौर पत्नी बलदेव सिंह निवासी बेगू रोड गली नंबर एक सुख सागर कॉलोनी के रूप में हुई है। प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम को जानकारी मिली थी कि सुखविंद्र कौर व उसका बेटा गगनदीप पंजाब से नकली नोट लाकर शहर में सप्लाई करने की फिराक में हैं।
उक्त सूचना के बाद संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर महिला सुखविंद्र कौर को गिरफ्तार कर लिया व उसके पास से एक लाख 11 हजार के नकली नोट बरामद कर लिए हैं जबकि उसका बेटा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब हो गया।
#HaryanaPolice ने सिरसा जिले में 1.11 लाख रुपये की नकली मुद्रा जब्त कर इस सिलसिले में एक महिला को गिरफ्तार किया है. 500 रुपये के 124 नोट, 200 रुपये के 200 नोट और 100 रुपये के 90 नोट बरामद
- Haryana Police (@police_haryana) 14 Mar 2022
आरोपी गगनदीप को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है। जिसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शहर थाना सिरसा में अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला को अदालत में पेश किया जाएगा।
एक लाख, 11 हजार के नकली नोट किए हैं बरामद
सीआईए प्रभारी ने बताया कि बरामद किए गए नोटों में 124 नोट 500-500 के, 200 नोट 200-200 के जबकि 90 नोट 100-100 के बरामद हुआ हैं। हालांकि नकली करेंसी सप्लाई करने मामले में पुलिस ने पहले भी कई आरोपियों को काबू किया है। जिनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली करेंसी पाई गई है। इनमें से कई आरोपी दिल्ली तो कई आरोपी पंजाब से नकली नोट लाकर सिरसा में सप्लाई करते थे।
पहले भी नकली करेंसी चलाते पकड़ा गया था आरोपी
नकली करेंसी चलाने के आरोप में गगनदीप पहले भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। सदर थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है। गगनदीप पंजाब से नकली करेंसी लेकर आता था और सिरसा में इसे चलाता था। वह शनिवार देर शाम को बाजार में नकली करेंसी चलाने के लिए पहुंचा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर रेड कर दी। पुलिस ने आरोपी की 70 वर्षीय मां को गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों के अनुसार इस मामले को लेकर उसकी मां को भी अधिक जानकारी नहीं है। वहीं पुलिस ने बुजुर्ग महिला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पंजाब के जालंधर में अपनी बूआ के पास रहता है युवक
नकली नोट लाने वाला आरोपी गगनदीप पंजाब के जालंधर के गांव भागपुर में अपनी बूआ के पास रहता है। ऐसे में वह सिरसा में अपने परिवार से मिलने के लिए आता रहता है। वहीं पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका बेटा पहले भी उसे नोट देकर गया था। जिसके बाद उसने घर का सामान लेने के लिए इन्हें प्रयोग किया था। वह किस स्थान से नकली नोट लेकर आता है इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।
12वीं तक पढ़ा है आरोपी गगनदीप, पुलिस मार रही छापे
आरोपी गगनदीप 12वीं तक ही पढ़ा हुआ है। पंजाब से नकली नोट लाकर वह कई दुकानदारों को भी आधे रेट में सप्लाई करता था। जिसके बाद अब पुलिस आरोपी की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। इसके लिए पुलिस ने उसके मोबाइल को ट्रेस पर लगाया है। ताकि आरोपी की जल्द से जल्द तलाश हो सके और इसके संपर्क में आए अन्य आरोपियों व दुकानदारों को भी काबू किया जा सके।