हरियाणा के रोहतक में शहर से शुक्रवार रात को घर लौट रहे कुताना गांव के पूर्व सरपंच बलराज सिंह नांदल को बाइक सवार हथियारबंद युवकों ने घेर लिया। किसी तरह नांदल ने कार को लॉक करके जान बचाई। युवक कार के शीशे तोड़कर फरार हो गए। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक पूर्व सरपंच ने दी शिकायत में बताया कि वह किसी कार्य से रोहतक शहर में आया हुआ था। रात करीब साढ़े 9 बजे वह पुराने बस स्टैंड से घर लौटने लगा। जब पुराने बस अड्डा से भिवानी चुंगी की तरफ फलाईओवर को पार कर रहा था, तभी बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे रिवाल्वर दिखाकर रोकने का प्रयास किया। किसी वारदात का अंदेशा होने के कारण उसने कार की भाग ली।
आगे भिवानी चुंगी पर सामने ट्रक आ गया और जाम की स्थिति थे। इस कारण उसने कार रोक दी। बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक करके रास्ता रोक लिया। उसने कार को दूसरी तरफ घुमाया और फार्म हाउस पर पहुंचा। फार्म हाउस का गेट बंद था, इसलिए भिवानी रेलवे लाइन की ओर कार घुसा दी। लेकिन तीन बाइक पर सवार आठ के करीब युवक पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। उसने कार को लॉक कर लिया। युवक कार के शीशे तोड़कर फरार हो गए।
विज्ञापन
मुझे नहीं पता, क्यों किया हमला
मेरी किसी से कोई रंजिश नहीं है। साथ ही युवकों से भी कोई विवाद नहीं हुआ और न ही उन्हें जानता हूं। अब युवकों के पकड़े जाने के बाद ही हमले का पता चल सकेगा। - बलराज सिंह नांदल, पूर्व सरपंच कुताना
पूर्व सरपंच की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास के एरिया की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। अभी वारदात के कारणों का पता नहीं लग सका है। - इंस्पेक्टर शमशेर सिंह, थाना प्रभारी शिवाजी कॉलोनी