शिक्षा विभाग ने प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए भी स्कूलों के दरवाजे खोल दिए हैं। कोरोना के कम होते केसों व टीकाकरण के कारण बढ़ते सुरक्षा चक्र के चलते यह कदम उठाया गया है। बुधवार से कक्षा चार व पांच के ही विद्यार्थियों को स्कूल बुलाया गया है। स्कूल में एक बेंच पर एक ही विद्यार्थी बैठेगा। कोविड नियमों व सुरक्षा के लिहाज से यह व्यवस्था बनाई गई है।
महामारी के कारण नए सत्र की शुरुआत से बंद प्राथमिक स्तर के स्कूल भी खुल गए हैं। बुधवार से कक्षा चार व पांच के विद्यार्थी अध्ययन के लिए स्कूल पहुंचेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से एसओपी जारी कर दी गई है। कक्षा में 30 से कम विद्यार्थी होने पर प्रत्येक बेंच पर एक विद्यार्थी के बैठने की व्यवस्था रहेगी। जबकि 30 से अधिक विद्यार्थी होने पर 50 प्रतिशत बच्चों को एक दिन स्कूल बुलाया जाएगा। स्कूल में कोविड नियमों का ध्यान रखना होगा। डिप्टी डीईओ आदर्श राजन ने बताया कि कक्षा छह से 12वीं तक के स्कूल पहले से खुले हुए हैं। अब कक्षा चार व पांच के विद्यार्थियों के लिए भी स्कूल खोल दिए गए हैं। कोविड नियमों के तहत ही कक्षा में बच्चों को बैठाया जाएगा।