उद्वाटन कार्यक्रम में शामिल सांसद अरविंद शर्मा।
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि वह दिन दूर नहीं जब झज्जर के बाढ़सा स्थित एम्स की विश्व स्तर पर अलग पहचान बनेगी। एम्स के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री लगातार हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम मनोहर लाल की ईमानदारी और कार्य करने की क्षमता की तारीफ की है, यह हरियाणा के लिए गर्व की बात है।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश को अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा किया और प्रदेश में ईमानदारी की मिसाल पेश की है। आज प्रदेश सरकार द्वारा लागू की जा रही योजनाओं का दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं। देश ने 100 करोड़ वैक्सीन का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, जिसमें प्रदेश वासियों का भी पूरा सहयोग रहा है। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी और सीएम मनोहर लाल का आभार जताया। वीरवार को प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये झज्जर के बाढ़सा स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान परिसर में नव-निर्मित इंफोसिस फाउंडेशन विश्राम सदन का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम ने मुख्यमंत्री की तारीफ की और कहा कि हरियाणा को सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री मिला है। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि उन्होंने बाढ़सा एम्स के विस्तार के लिए पिछले दिनों केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की थी। अब वह दिन दूर नहीं जब दिल्ली एम्स की तर्ज पर बाढ़सा एम्स का भी नाम होगा। सांसद ने कहा कि पूरा देश मानता है कि आज प्रदेश में एक ईमानदार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है। जिन्होंने पारदर्शी ढंग से योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया। भाजपा सरकार ने पर्ची-खर्ची पर रोक लगाई है।