शहर की सबसे पॉश मार्केट मॉडल टाउन के व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जिला प्रशासन ने पार्किंग की समस्या का समाधान न किया तो वे दुकानें बंद कर देंगे। शुक्रवार को डीसी कैप्टन मनोज कुमार के साथ मुलाकात के बाद वह अंतिम फैसला लेंगे।
मॉडल टाउन मार्केट एसोसिएशन के प्रधान अजय धनखड़ ने कहा कि पार्किंग दुकानदारों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। रेहड़ियों के कारण ग्राहक अपने वाहन नहीं खड़े कर पा रहे हैं। एक दिन पहले पांच ग्राहकों की गाड़ियां क्रेन वाला उठा ले गया। हम लगातार जिला प्रशासन और नगर निगम से कह रहे हैं कि रेहड़ियां हटवाई जाएं, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। हम यह नहीं चाहते कि रेहड़ी वालों का त्योहार खराब हो। हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि नगर निगम उन्हें कहीं और शिफ्ट कर दे ताकि बाजार में पार्किंग की जगह बन जाए और ग्राहकों को दिक्कत न आए। नगर निगम रेहड़ियों को मेडिकल मोड़ के पास, जाट कॉलेज में या फिर कहीं और शिफ्ट कर सकता है। इतना ही नहीं, एसोसिएशन ने निगम के एलओ को वाहनों की पार्किंग के लिए दो प्लॉट दिए हैं, उनमें से एक प्लॉट पर ही रेहड़ियां लगवाई जा सकती हैं। लेकिन निगम कुछ नहीं कर रहा है। शुक्रवार को उपायुक्त से मिलकर दुकानदार अपना पक्ष रखेंगे। अगर उन्होंने कोई आश्वासन दिया तो ठीक वरना सांकेतिक तौर पर दुकानें बंद करेंगे।
रेहड़ियां हमने नहीं दुकानदारों ने लगवाईं : निगमायुक्त
निगमायुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ ने कहा कि रेहड़ियां हमने नहीं दुकानदारों ने लगवाई हैं। अगर हम इस समय रेहड़ियां हटवाएंगे तो दूसरा पक्ष आकर कहेगा कि हमारा त्योहार खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त से मिलने जा रहे हैं अच्छी बात है, वह समाधान करेंगे। लेकिन हम किसी के दबाव में नहीं आएंगे। यह उनकी मर्जी है कि दुकानें खोलें या बंद करें। लेेकिन हम किसी के दबाव में नहीं आएंगे।
किला रोड में नहीं हल हुई समस्या
किला रोड मार्केट एसोसिएशन के प्रधान बिट्टू सचदेवा ने कहा कि यहां पार्किंग की गंभीर समस्या है। हाल ही में व्यापारियों की किला रोड चौकी में पुलिस व निगम अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। उसमें व्यापारियों ने कहा था कि दुकानदारों का अतिक्रमण गलत है। निगम एक पट्टी लगा दे, जो दुकानदार उसके बाहर सामान रखे, उसका वीडियो बनाकर चालान काटा जाए। निगम की गाड़ी आती है तो कुछ चालान कटते हैं, दुकानदार सामान अंदर कर लेते हैं, बाद में फिर बाहर निकाल लेते हैं। पार्किंग के लिए सुझाव दिया था कि दुकानदारों के वाहनों पर पीला निशान लगाया जाए, अगर वे वाहन पार्किंग में नहीं खड़ा करते हैं तो उनका चालान किया जाए। लेकिन ग्राहकों को दुकानों के बाहर वाहन खड़े करने की छूट दी जाए। लेकिन कोई भी योजना सिरे नहीं चढ़ी।
रेलवे रोड के लिए भिवानी स्टैंड का अतिक्रमण बना जी का जंजाल
रेलवे रोड के दुकानदारों के लिए भिवानी स्टैंड पर लगातार बढ़ रहा अतिक्रमण जी का जंजाल बन गया है। रोहतक ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान हेमंत बख्शी ने कहा कि रेलवे रोड की स्थिति तो ठीक है। भिवानी स्टैंड पार्किंग में भी व्यवस्था ठीक है। लेकिन भिवानी स्टैंड पर अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले निगम ने कार्रवाई की थी तो हालात ठीक हो गए थे। लेकिन अब फिर वही स्थिति हो गई है। दिवाली तक अतिक्रमण इतना बढ़ जाएगा कि रेलवे रोड मार्केट में वाहन दाखिल ही नहीं हो सकेंगे। यहां सबसे ज्यादा दुकानें सुनारों की हैं, धनतेरस पर उनका काफी नुकसान हो जाएगा।