खोल। गांव जैनाबाद में युवाओं में बढ़ती नशे की लत और वारदात को रोकने के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में युवाओं को सही दिशा दिखाने के लिए विचार विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से 40 युवाओं की कमेटी का गठन किया गया, जो गांव में दिन-रात निगरानी रखने का काम करेगी। ग्राम सभा में वक्ताओं ने कहा कि गांव में नशा करने वाले शरारती तत्वों ने गांव का माहौल बिगाड़ रखा है। आए दिन किसी न किसी के साथ मारपीट व चोरी की घटनाएं हो रही हैं। रात्रि को तो कोई अकेला व्यक्ति गांव की गलियों से निकल नहीं सकता है।
ग्राम पंचायत ने निर्णय लिया है कि गांव में सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार का नशा करता पाया जाए तो उसके खिलाफ कमेटी पुलिस को सूचना देगी। गांव में कोई भी व्यक्ति अगर असामाजिक गतिविधियां देखता है तो इसकी सूचना ग्राम पंचायत व निगरानी कमेटी के सदस्यों को या फिर पुलिस को 112 नंबर इसकी सूचना दे।
कोर कमेटी में इन्हें दी जिम्मेदारी
बैठक में 40 युवाओं की कमेटी तैयार की गई। इन 4 कमेटियों के ऊपर एक कोर कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें गांव के मौजीज बुजुर्गों का रखा गया है। इस कोर कमेटी में सूबेदार जयनारयण, सूबेदार रामपत, पूर्व सरपंच गोपीचन्द, लीलाराम, मास्टर घीसाराम, धर्मपाल खोला, रामकिशन खोला, सत्यपाल, अनिल कुमार व राजराव को रखा गया है। डहीना पुलिस चौकी को भी ग्राम पंचायत के निर्णय के बारे में अवगत कराया गया।