पानीपत। जिले में डेंगू का प्रकोप अब भी बरकरार है। वीरवार को सिविल अस्पताल में 94 सैंपल की जांच हुई। इनमें हर आठवां सैंपल पॉजिटिव मिला। सिविल अस्पताल की लैब में हुई जांच में 12 डेंगू के केस मिले, जबकि दो केस चंडीगढ़ मुख्यालय की रिपोर्ट में मिले हैं।
डेंगू के इन 14 नए मामले मिलने के बाद अब जिले में डेंगू रोगियों की संख्या 238 पहुंच चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि 20 नवंबर के बाद डेंगू के मामलों में कमी आने की संभावना थी, लेकिन मौसम में उम्मीद मुताबिक गिरावट नहीं आई। इसलिए अब भी डेंगू का खतरा बना हुआ है।
अब निजी अस्पतालों से नात्र मात्र ही सैंपल मिल रहे हैं। पिछले पांच दिन में प्राइवेट अस्पतालों से जांच के लिए महज 90 सैंपल आए हैं। इन पांच दिनों में सिविल अस्पताल में भी महज 45 लोगों की डेंगू जांच हुई है।
फॉगिंग के लिए पंचायतों को अब तक नहीं मिली दवा और डीजल
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने 10 दिन पहले 91 पंचायतों को फॉगिंग मशीनें दी थी, लेकिन 10 दिन बाद भी पंचायतों को डीजल और दवा नहीं मिली है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग शुरू नहीं हुई है।
इस साल 80 प्रतिशत केस ग्रामीण क्षेत्रों में मिले
इस साल डेंगू के 238 केस मिले हैं। इनमें से 80 प्रतिशत केस ग्रामीण क्षेत्रों में मिले हैं। शहरी क्षेत्रों में राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संस्थाओं ने निरंतर फॉगिंग कराई, इसलिए यहां डेंगू का प्रभाव कम रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग डेंगू से लड़ रहे हैं।
वीरवार को इन क्षेत्रों में मिले डेंगू के केस
वीरवार को मुख्यालय से दो लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सिविल अस्पताल की लैब में हुई सैंपल की जांच में बबैल गांव, भापरा गांव के दो लोग, खोतपरा गांव, बिहोली गांव, सावन पार्क क्षेत्र, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सिटी थाना, बतरा कॉलोनी व सज्जन सिंह पार्क से एक एक व्यक्ति डेंगू संक्रमित मिला। जींद एवं सोनीपत के एक-एक और करनाल के दो व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।
घटते-बढ़ते रहे डेंगू केस
2016- 12
2017-469
2018-133
2019- 04
2020-272
2021- 238 ( 25 नवंबर तक)
लापरवाही न बरतें, जागरूक रहें
डेंगू का खतरा अभी बरकार है। लोगों से अपील है कि वह लापरवाही न बरतें। घरों में पानी एकत्रित न होने दें। आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
- डॉ. सुनील संदुजा, डिप्टी सिविल सर्जन