महेंद्रगढ़ रोड पर अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ करती जेसीबी मशीन।
- फोटो : Narnol
नारनौल। जिला नगर योजनाकार नारनौल की टीम ने मंगलवार को महेंद्रगढ़ रोड स्थित शास्त्री नगर के पास लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कालोनी में तोड़फोड़ की कार्रवाई की। राजस्व संपदा नारनौल तहसील में कुछ लोगों द्वारा महानिदेशक नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग हरियाणा से बिना लाइसेंस व अनुमति लिए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसमें नेटवर्क रोड बिछाए जा रहे थे। जिसेे प्रशासन की मदद से तोड़ा गया। इस कार्रवाई में 30 चारदीवारी/डीपीसी के साथ-साथ सभी नेटवर्क रोड उखाड़े गए। यह कार्रवाई डीटीपी प्रवीण चौहान नारनौल की अगुवाई में की गई।
जिला नगर योजनाकार प्रवीण चौहान ने लोगों से अपील की कि नियंत्रित शहरी क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करे। महानिदेशक नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग हरियाणा से लाइसेंस व अनुमति लेने उपरांत ही कृृषि भूमि को रिहायशी अथवा वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित करें अन्यथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा आमजन से बार-बार अपील की जाती है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लाट प्रॉपर्टी डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें और न ही अवैध निर्माण करें। वहीं कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता बारे व निर्माण करने से पूर्व नियमानुसार अनुमति लेने बारे जिला नगर योजनाकार कार्यालय नारनौल से किसी भी कार्यदिवस में पता करे। डीटीपी ने बताया कि भविष्य में जिले में अन्य स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।