महेंद्रगढ़-नारनौल हाईवे पर गांव पायगा के पास स्कार्पियो और बाइक की भिड़ंत से बाइक सवार की मौत हो गई। स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने मृतक को सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मुकेश ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह उसका चाचा ताराचंद (45) निवासी बेरी अपने बेटे रिंकू को रेलवे स्टेशन छोड़ने आया था। उसको रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के बाद वह वापस अपने गांव जा रहा था कि गांव पायगा के पास सामने से आ रही एक स्कार्पियो ने उसके चाचा की बाइक को टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौके पर मौत हो गई। मुकेश के अनुसार उसका चाचा मोहल्ला सैनीपुरा में हेयर ड्रेसर का काम करता था। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।