पिपली नेशनल हाईवे-44 के पास देवीलाल पार्क में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। मामले की सूचना पाकर सेक्टर-5 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। प्राथमिक जांच से पता चला कि शव कई दिन से फंदे पर लटका हुआ था, जिसमें कई जगह कीड़े चल रहे थे। मृतक की शिनाख्त 52 वर्षीय गुरनाम सिंह वासी वार्ड-1 गोविंदपुरी लाडवा के रूप में हुई है। गुरनाम सिंह लाडवा अनाज मंडी में मुनीम का काम करता था। गुरनाम पिछले सप्ताह बुधवार से लापता था। गुरनाम सिंह ने अपने बेटे को सेटल करने के लिए किसी प्राइवेट संस्था से करीब साढ़े तीन लाख रुपये का लोन लिया था। मौके से सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी तथ्य एकत्रित किए। फिलहाल पुलिस ने उसकी पत्नी उषा के बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर ली। सेक्टर-5 चौकी इंचार्ज जीत सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे पुलिस को देवीलाल पार्क पिपली में एक शव के पेड़ से लटके हुए की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। मृतक की जेब से बरामद आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त गुरनाम सिंह के रूप में हुई। वहीं मृतक की जेब से 20 हजार रुपये का एक चेक भी मिला था, जिस पर फोन नंबर के साथ एक व्यक्ति राकेश का नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने जब उस नंबर पर बात की तो यह नंबर मृतक के घर का मिला। पुलिस से सूचना पाकर गुुरनाम के परिजन मौके पर पहुंचे तथा शव की शिनाख्त की। बताया जा रहा है कि गुरनाम सिंह घरेलू परिस्थितियों से परेशान था। पिछले सप्ताह बुधवार से वह घर पर अपना मोबाइल छोड़कर निकला था। उसने अपने बेटे को सेटल करने के लिए प्राईवेट संस्था से लोन लिया हुआ था, मगर वह अपने बेटे को सेटल नहीं कर पाया, जबकि उधार ली रकम भी उससे खर्च हो गई तथा लोन की कई किस्त भी चुका नहीं सका था। इस कारण वह पिछले काफी दिनों से परेशान चल रहा था। हो सकता है इसी परेशानी के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली हो। फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर 174 की कार्रवाई करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंचार्ज जीत सिंह ने बताया कि आज शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम होगा। आगामी कार्रवाई पोस्टमार्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
गुरनाम सिंह का एक बेटा शुक्रवार को विदेश जाने के लिए सुबह चार बजे घर से निकला था। दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे अपने पिता की मौत की खबर मिली तो दिल्ली से वापस घर लौट आया। चौकी इचार्ज जीत सिंह ने बताया कि गुरनाम सिंह के बड़े बेटे का दुबई का वीजा लगा हुआ था। वह सुबह ही दुबई जाने के लिए घर से निकला था।