करनाल/मधुबन। भाई को राखी बांधकर बाइक पर घर लौट रही महिला और उसके पति को रविवार देर शाम गांव कुटेल के समीप एक ट्रैक्टर ट्राली चालक ने कुचल दिया। पति की मौके पर ही मौत हो गई और पत्नी ने अस्पताल में दम तोड़ा दिया। मृतक निर्मला के भाई गुलाब ने बताया कि एक घंटे पहले ही उसकी बहन ने उसे राखी बांधी थी। सोमवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करा पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मधुबन थाना पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव मुबारकाबाद निवासी गुलाब ने बताया कि रक्षाबंधन पर उसकी 49 वर्षीय बहन अपने पति 52 वर्षीय जयभगवान के साथ बाइक पर गांव बिजना से गांव मुबारकाबाद उसे राखी बांधने आई थी। शाम को उसकी बहन ने उसे राखी बांधी। इसके बाद उसकी बहन निर्मला अपने पति के साथ गांव बिजना के लिए निकल पड़े और दस मिनट बाद कुटेल पहुंचते ही एक ट्रैक्टर ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जयभगवान ट्रैक्टर के आगे गिर गए और ट्राली का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। निर्मला की भी सिर पर गहरी चोट लग गई। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे तो घायल बहन को अस्पताल लेकर गए जहां उसने भी दम तोड़ दिया। उसका जीजा गांव में ही दुकान चलाता था।
गांव कुटेल के समीप हादसे में दंपती की मौत हो गई है। ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
अभिलख जोशी, थाना प्रभारी मधुबन