हरियाणा के फतेहाबाद में न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के एक एजेंट ने चार पहिया वाहनों को दो पहिया वाहन दिखाकर उनके बीमा कर दिए। इससे जहां कंपनी को लाखों रुपये की चपत लगी है, वहीं ग्राहकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एजेंट ने करीब 39 चार पहिया वाहनाें को दो पहिया वाहन दिखाकर उनका बीमा किया है। इस मामले में फतेहाबाद शहर पुलिस ने कंपनी के शाखा मैनेजर की शिकायत पर एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी व कागजातों से छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड शाखा फतेहाबाद के मैनेजर सुभाष चंद्र मेहरा ने बताया कि उनकी कंपनी में फतेहाबाद के गढ़ी मोहल्ला निवासी राधेश्याम बतौर एजेंट वाहनाें का बीमा करता था। आरोपी राधेश्याम ने न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी के साथ-साथ कंपनी के संभ्रात ग्राहकों के साथ या उनमें से कुछ के साथ साजबाज करके, एक सोचे-समझे षडयंत्र के तहत धोखाधड़ी की और लाखों रुपये का गबन किया है।
आरोपी ने कंपनी के ग्राहकों के चार पहिया वाहनों की इंश्योरेंस पॉलिसी की, जिसमें आरोपी ने शातिराना तरीके से उपरोक्त पॉलिसी में उनके वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन नंबर, चेसिस नंबर तथा वाहन की प्रकृति को दर्शाया, लेकिन आरोपी ने हर चार पहिया को पॉलिसी में दो पहिया वाहन दिखाकर पॉलिसी की और लाखों रुपयों का गबन किया।
कंपनी के ग्राहकों के साथ विश्वासघात करते हुए या उनसे मिलकर, उन्हें और अपने आपको नाजायज ढंग से फायदा पहुंचाने के लिए और कंपनी को नुकसान पहुंचाने की नियत से ठगी की। मामला उस समय सामने आया जब इस मामले की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद कंपनी बोर्ड पैनल की जांच में मामला उजागर हुआ कि उपरोक्त आरोपी ने 39 वाहनों को दोपहिया दिखाकर उनका बीमा किया है। इसके बाद उसका पोर्टल बंद करके उसे निष्कासित कर दिया गया।
उसे कई बार कारण बताओ नोटिस भी कंपनी की ओर से भेजे गए, लेकिन उसने कोई सही जवाब नहीं दिया। इसलिए अब पुलिस में शिकायत दी गई है। सदर थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह ने बताया कि मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।