झज्जर के निकट लगते गांव बाबरा के स्कूल में पड़ी पुरानी ईटें चोरी कर ली गई हैं। गांव के सरपंच प्रतिनिधि पर ईटें चोरी करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर राजकीय माध्यमिक विद्यालय बाबरा में पहुंचे। ग्रामीणों ने मुख्याध्यापक व शिक्षकों से इस बारे में पूछा तो उन्होंने भी कहा कि स्कूल से ईटें गायब हैं।
हालांकि गांव के लोगों को स्कूल में पहुंचा देख सरपंच प्रतिनिधि जोगेंद्र सिंह भी स्कूल में पहुंचे और ग्रामीणों को कहा कि वह पंचायत की संपत्ति है पंचायत उसका कहीं भी प्रयोग करे। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत की संपत्ति नहीं ईटें स्कूल की हैं और रविवार को ट्रैक्टर दीवार के साथ लगाकर स्कूल की ईंट चोरी की गई हैं। स्कूल स्टॉफ और मुख्याध्यापक को भी इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। ग्रामीणों ने स्कूल में काफी हंगामा किया। उसके बाद मुख्याध्यापक ने कहा कि ग्रामीण अपनी शिकायत लिखित में दें उसके बाद वे भी कार्रवाई के लिए पुलिस को लिखेंगे। ग्रामीणों ने मुख्याध्यापक को लिखित शिकायत देने के बाद पुलिस को भी शिकायत दे दी है।
पुलिस को कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दे दी है। ईंट उठाने से पहले सरपंच प्रतिनिधि ने कोई जानकारी नहीं दी है।
- अशोक कुमार कादयान, मुख्याध्यापक, रामावि बाबरा।
मामले की शिकायत मिली है। मामले की जांच शुरू की जा रही है। वैसे मामला पंचायत विभाग से जुड़ा है।
- सुदंरपाल, सदर थाना प्रभारी, झज्जर।