गांव पाटौदा खेड़ा में 23 सितंबर को राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में आने वाली जनता के लिए जहां पंडाल तैयार हो गया है। वहीं वक्ताओं के लिए मंच भी सजकर तैयार हो गया है। इसी कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आयोजनकर्ताओं की टीम गांव खेड़ा पाटौदा पहुंची और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लोगों के बैठने के लिए कई एकड़ में लगाए पंडाल व वक्ताओं के बैठने और बोलने के लिए तैयार किए मंच का जायजा भी लिया।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, सांसद डॉ.अरविंद शर्मा, डीपी वत्स, सांसद धर्मबीर व मंत्री डॉ. बनवारी लाल, ओमप्रकाश यादव सहित सत्तापक्ष से जुड़े अहीरवाल के कई विधायकों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत को पहुंचेंगे। इस मौके पर राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।
कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे अखिल भारतीय यादव महासभा अहीर के प्रदेशाध्यक्ष राव धर्मपाल यादव, राव इंद्रजीत की टीम के मनीष मित्तल, नरेश शर्मा व झज्जर जिला यादव सभा के प्रधान वीरेंद्र दरोगा ने व्यवस्था को लेकर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि हाजिरी की दृष्टि से यह कार्यक्रम नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आयोजकों का यही प्रयास है कि यहां कार्यक्रम में आने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी न हो और व्यवस्थित ढंग से कार्यक्रम चले।