हिसार। जिले में साइबर अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से ठगी कर रहे हैं। विजय नगर निवासी पंकज कुमार के साथ विदेशी महिला ने पार्सल में गिफ्ट भेजने के नाम पर हजारों रुपये की ठगी की है। इस संबंध में एचटीएम थाना पुलिस ने डॉ. एलिजाबेथ फिलिप्स के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पंकज कुमार ने बताया कि मेरे पास फेसबुक पर डॉ. एलिजाबेथ फिलिप्स के नाम से दोस्ती के लिए संदेश आया। उसने फेसबुक पर कहा कि मेरी शादी की सालगिरह है और मैं आपको कुछ गिफ्ट देना चाहती हूं। उसने मेरे पास एप्पल का एक मोबाइल फोन, एक घड़ी और एक जोड़ी जूते की फोटो भेजी। उसने कहा कि आप अपना पता बताओ। मैं पार्सल करवा देती हूं। मैंने पता लिख दिया, उसके अगले दिन मेरे पास दिल्ली से फोन आया कि डॉ. एलिजाबेथ ने आपके लिए एक पार्सल भेजा है। यदि आप वह लेना चाहते हैं तो आपको 28500 रुपये देने होंगे। मैंने शाम को डॉ. एलिजाबेथ से बात कर कहा कि मेरे पास इतने पैसे नहीं हैं। मैं रेहड़ी लगाने वाला आदमी हूं। फिर उसने कहा कि हमारे यहां की करेंसी इंडिया में नहीं चलती। मैंने पार्सल में कुछ कैश डाल दिया है। उससे आपके पैसे पूरे हो जाएंगे। अगले दिन दिल्ली वाली महिला ने फोन कर कहा कि पार्सल में कैश ज्यादा है। इसके लिए 85000 रुपये देने पड़ेंगे। तब आपके पास पार्सल आएगा। इस पर मैंने 85000 रुपये अकाउंट में जमा करवा दिए, लेकिन उसे कुछ नहीं मिला। यह अकाउंट मदन लाल के नाम से है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।