कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि सीएम ने उनके अनुरोध पर हलके में बारिश के पानी की निकासी व सीवरेज समस्या के समाधान के बजट को मंजूरी देकर, काम शुरू करने के लिए अफसरों को निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई ने गुरुवार को चंडीगढ़ आवास पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आदमपुर में विकास परियोजनाओं बारे उनके साथ विस्तार से चर्चा की।
विज्ञापन
कुलदीप बिश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके अनुरोध पर आदमपुर के बारिश के पानी की निकासी व सीवरेज समस्या के पूर्ण समाधान के लिए करोड़ों रुपये के बजट को मंजूरी देकर तुरंत कार्य शुरू करने के लिए अफसरों को निर्देश दिए। इसके लिए मुख्यमंत्री के आभारी हैं। उन्होंने आदमपुर की सीवरेज लाइन को बदलवाने बारे एक मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
पत्र में कहा गया है कि आदमपुर मंडी स्थित क्रांति चौक में सीवरेज लाइन 1980-81 में डाली गई थी। जिसके बाद उन्हें बदला नहीं गया। 1980-81 से लेकर अब तक यहां की आबादी काफी ज्यादा बढ़ी है और पुरानी सीवरेज लाइन के छोटे पाइप सीवरेज निकासी के लिए पर्याप्त नहीं है, जिस वजह से बारिश के समय यहां दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
दुकानों और घरों तक सीवरेज का गंदा पानी चला जाता है। इससे कई बार दुकानदारों को करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है। कुलदीप ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके सामने ही अफसरों को इस कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश संबंधित विभाग के अफसरों को दिए।