हिसार। अब सूर्य नगर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) व रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) के निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ेगा। आखिरकार टेंडर होने के करीब ढाई साल बाद रेलवे के हिस्से पर एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है। इससे एजेंसी ने पिलर निर्माण की जगहों पर पाइल बिछाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चूंकि यहां से काफी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है, जो निर्माण कार्य के आड़े आ रही है। एजेंसी ने बीएंडआर को वाहनों का रूट डायवर्ट करने के लिए पत्र लिखा है। एजेंसी के पास अपने हिस्से का काम पूरा करने के लिए डेढ़ साल का समय रहेगा।
बता दें कि वर्ष फरवरी 2019 में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ था। इसके बाद अगस्त 2019 में रेलवे के हिस्से का टेंडर किया गया। वर्ष 2020 की शुरुआत में एजेंसी ने पाइल टेस्टिंग की। मगर आरओबी की ड्राइंग मंजूर न होने से रेलवे के हिस्से पर काम आगे नहीं बढ़ सका। वर्ष 2021 में सितंबर में रेलवे ने ड्राइंग मंजूर की, लेकिन तब तक टेंडर की अवधि ही पूरी हो गई। इस कारण एजेंसी काम ही शुरू नहीं कर सकी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च आएगा।
रेलवे के हिस्से पर बनेंगे 12 पिलर
रेलवे के हिस्से में कुल 12 पिलर बनाए जाने हैं। हालांकि पहले सिर्फ 6 पिलर ही बनाए जाने थे, लेकिन बाद में रेलवे के हिस्से वाली ड्राइंग में बदलाव कर दिया गया और पिलरों की संख्या 12 कर दी गई। इन 12 पिलर के लिए 72 पाइल बिछाई जाएंगी। एजेंसी की मानें तो उन्हें पाइल डालकर पिलर निर्माण करना है। इनकी कैप पहले ही तैयार की जा चुकी हैं। उनके पास पाइल बिछाने के लिए बोर करने की दो मशीनें हैं, लेकिन अभी एक ही इस्तेमाल की जा रही है।
बीएंडआर के हिस्से पर सभी पिलर तैयार
उधर, बीएंडआर के हिस्से पर सभी 23 पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं। चार पिलर पर गार्डर व स्लैब बिछाने का काम बाकी है। बीएंडआर वाली एजेंसी की मानें तो रेलवे के सभी पिलर तैयार होने के बाद ही शेष काम को पूरा किया जाएगा। अब बीएंडआर ने सेक्टर 1-4 की तरफ से अंडरपास का काम शुरू कर दिया है।
वर्ष 2023 में प्रोजेक्ट पूरा होने की संभावना
शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को नवंबर 2021 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित था। बाद में लॉकडाउन व बिजली लाइनों की देरी से शिफ्टिंग के कारण समयावधि नौ माह और बढ़ा दी गई। विभाग के अनुसार इस प्रोजेक्ट को अगस्त 2022 तक पूरा कर दिया जाएगा। मगर रेलवे के हिस्से पर काम करने वाली एजेंसी की मानें तो उसे अपने काम को पूरा करने में डेढ़ साल का समय लगेगा। इस हिसाब से यह पूरा प्रोजेक्टर मई 2023 तक पूरा होगा।
इन कॉलोनियों को होगा फायदा
इस पुल व अंडरपास के बनने से सूर्य नगर, अर्बन एस्टेट, विद्युत नगर, शिव कॉलोनी, सेक्टर 3-5, सेक्टर 1-4 सहित महावीर कॉलोनी, मिल गेट एरिया के लोगों को काफी फायदा होगा।