भिवानी। तोशाम पुलिस ने शराब ठेेकेदार से हथियार के बल पर गाड़ी छीनने के मामले में छह साल से फरार चल रहा उद्घोषित आरोपी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया और फिर आरोपी से वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि 6 नवंबर 2015 को आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव पटौदी में शराब ठेकेदार पर हथियार के बल पर गाड़ी छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज किया था। तोशाम पुलिस के उपनिरीक्षक अजमेर ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दिलीप वासी चूरु राजस्थान के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी से वारदात में इस्तेमाल बुलेरो गाड़ी बरामद की है। आरोपी दिलीप भिवानी पुलिस का पीओ है। इस मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं तीसरे आरोपी की मृत्यु हो चुकी है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी दिलीप को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं।