पोलिंग पार्टियों के घर पहुंचकर बुजुर्गों से मतदान कराया।
- फोटो : अमर उजाला।
पहली बार घर बैठे मतदान करने का मौका मिला तो बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के चेहरे खिल उठे। खजनी के 92 वर्षीय रामपति देवी के पास शनिवार को जब पोलिंग पार्टियां पहुंचीं तो उनके चेहरे पर मुस्कान तैर गई। बोली- लाओ, वोट डाल दूं। मतदानकर्मियों ने बिस्तर पर लेटे-लेटे ही उनका मतदान कराया। उम्र अधिक होने की वजह से ठीक से दिखाई न पड़ने की वजह से उनकी बहू ने मतदान में उनकी मदद की। वह करीब एक महीने से बीमार हैं और बूथ तक जाकर वोट डालने में पूरी तरह असमर्थ हैं।
घर से वोट डालने का मौका पाने वाले 80 साल से ऊपर के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर दूसरे दिन शनिवार को भी पोलिंग पार्टियां पहुंचीं और उनसे पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान कराया। करीब 730 लोगों के घर पोलिंग पार्टियों को जाना है, दूसरे दिन इनमें से 251 लोगों ने वोट डाला।
निर्वाचन आयोग ने दिव्यांग मतदाताओं और 80 वर्ष से ऊपर की उम्र वाले बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए उनके घर पर वोट डलवाने की व्यवस्था दी है। इसके लिए फार्म 12 डी का वितरण किया गया था। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 80483 लोगों तक यह फार्म पहुंचाया गया था। इनमें से मात्र 730 ने ही विकल्प का चयन किया है। इन्हीं लोगों के मतदान के लिए अलग से पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया। यह प्रक्रिया रविवार तक चलेगी।
इस विधानसभा क्षेत्र में पड़े इतने वोट
विधानसभा क्षेत्र डाले गए वोट
गोरखपुर शहर 03
गोरखपुर ग्रामीण 05
कैंपियरगंज 32
पिपराइच 00
सहजनवां 48
खजनी 38
चिल्लूपार 31
चौरीचौरा 45
बांसगांव 49
कुल 251