गगहा दोहरा हत्याकांड के विरोध में बंद दुकाने।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के गगहा इलाके के जानीपुर रोड स्थित इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रानिक्स दुकान के मालिक शंभू मौर्य और उनके कर्मचारी संजय पांडेय की बुधवार रात गोली मारकर हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को इलाके की सभी दुकानें बंद रहीं। आक्रोशित व्यापारियों ने सुरक्षा की मांग की। वहीं, इलाके में किसी अप्रिय हालत से बचने के लिए गोला, बांसगांव, बेलीपार सहित कई थाने की फोर्स एहतियातन तैनात रही।
पुलिस ने शंभू के भाई श्रीराम उर्फ राजन मौर्या की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं।
पोस्टमार्टम में पता चला है कि बदमाशों ने शंभू को तीन और उनके कर्मचारी संजय को दो गोली मारी थी। एक गोली शंभू के गर्दन पर लगी थी, जो आरपार हो गई थी। दूसरी बाईं आंख के ऊपर लगी जो सिर में जाकर फंसी थी। एक गोली बाएं कंधे में लगी थी, जो सीने में फंसी थी। इसी तरह संजय को एक गोली दाहिने कनपटी पर मारी गई थी, जो सिर में मिली है, दूसरी बाएं तरफ कान के पास मारी गई थी जो आरपार हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक, शंभू मौर्या के दुकान पर तीन सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन डीवीआर खराब होने की वजह से पुलिस को उससे कुछ हासिल नहीं हो सका है। हालांकि, पुलिस एक्सपर्ट की मदद से फोटो हासिल करने की कोशिश कर रही है। आसपास की दुकानों और मकान के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। अब तक की जांच में यह नहीं पता चल सका है कि हत्या किसने और क्यों की?