'बागी-2' के इस सीन को कुछ लोग सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सहमति जता रहे हैं। सुमित फिल्म के इस सीन की तस्वीर ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखते हैं, ''मेजर गोगोई की जय हो। 'बागी-2' रिलीज हो गई है और इसमें ये सीन भी है। क्या मुझे कुछ और कहने की जरूरत भी है।'' अरिहंत ने ट्वीट किया, ''ईमानदारी से कहूं तो मेरी 'बागी-2' देखने में कोई दिलचस्पी नहीं थी। जिस सीन में मेजर गोगोई को सम्मान दिया गया है और भारतीय सेना। इन दो वजहों से ये फिल्म जरूरी देखनी चाहिए.''
ऋषि मिश्र लिखते हैं, ''बागी-2' में टाइगर ने वही सीन दोहराया है, जिसे मेजर गोगोई ने रियल लाइफ में किया था। सेक्युलर और लिबरल लोगों को ये देखकर नींद नहीं आएगी।''
निशा लिखती हैं, ''मैंने सुना है कि 'बागी-2' में मेजर गोगोई वाला सीन है, सिर्फ इस एक सीन के लिए मैं ये फिल्म देखने जरूर जाऊंगी। ये फिल्म बड़ी हिट साबित हो, ऐसी दुआ है।'' ट्विटर हैंडल @burnolwali से लिखा गया, ''वाह, वाह, वाह। 'बागी-2' और टाइगर श्रॉफ की एंट्री ने मेरा दिल चुरा लिया। आप जानते हैं ऐसा क्यों है? क्योंकि पहले सीन में टाइगर श्रॉफ मेजर गोगोई वाले अंदाज में नजर आए हैं।''
एक तरफ जहां 'बागी-2' फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं चल रही हैं। वहीं दूसरी तरफ 'बागी-2' जिस वजह से फिल्म समीक्षकों को चौंका रही है, वो है बॉक्स ऑफिस पर होने वाली कमाई. समीक्षकों के मुताबिक, साल 2018 में रिलीज हुई फिल्मों में शुरुआती हफ्ते और पहले दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने वालों की लिस्ट में 'बागी-2' पहले पायदान पर है। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने 'बागी-2' की कमाई को लेकर कई ट्वीट किए हैं। तरण के मुताबिक, फिल्म पूरे भारत में कमाल कर रही है।
- पहले तीन दिन में 'बागी-2' ने कमाए 73 करोड़ रुपये
- शुरुआती हफ्ते में ओवरसीज में कमाए 22 करोड़ रुपये
- रिलीज के पहले दिन 'बागी-2' की कमाई 25 करोड़ रुपये
फिल्म पद्मावत को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन हुए थे। लेकिन इस फिल्म की शुरुआती दिनों की कमाई भी 'बागी-2' से कम रही। 'पद्मावत' गुरुवार को रिलीज हुई थी और इसका एक दिन पहले पेड प्रिव्यू भी रखा गया था।
'पद्मावत' की पहले दिन की कमाई 19 करोड़ तक ही थी। 'बागी-2' भारत की 3500 और विदेश में 625 स्क्रीन पर रिलीज की गई है। यानी कुल 4125 स्क्रीन पर। 'बागी-2' फिल्म में टाइगर श्रॉफ, मनोज वाजपेयी, रणदीप हुड्डा, दिशा पाटनी हैं। फिल्म को डायरेक्ट अहमद खान ने किया है। फिल्म में टाइगर ने सेना के अफसर का रोल प्ले किया है। सोशल मीडिया पर सेना के कपड़े पहने, उठी मूंछों और खुद को ग्रांड मास्टर शीफूजी कहलवाने वाले शौर्य भारद्वाज भी हैं। शीफूजी के वीडियो के हिट्स लाखों में हैं और कुछ मौकों पर रिएलिटी प्रोग्राम्स में देशभक्ति के नारे लगाते भी नजर आए हैं। शीफूजी का ताल्लुक आधिकारिक तौर पर सेना से है, इसके प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं हैं। शीफूजी को ज्यादातर लोग देशभक्ति वाले वीडियो में छौंक का काम करते डॉयलॉग्स के लिए जानते हैं।