लगातार विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा यानी हरियाणा बोर्ड जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 2022 जारी करने वाला है। हरियाणा बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के परिणाम बीएसईएच की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर ऑनलाइन जारी किए जाएंगे।
उपलब्ध नई जानकारी के अनुसार, एचबीएसई परिणाम 2022 जून के महीने में आने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि बोर्ड जून के पहले सप्ताह में बोर्ड परीक्षा परिणाम की घोषणा कर सकता है।
अक्सर मई-जून में जारी होते हैं बोर्ड परीक्षा परिणाम
आमतौर हरियाणा बोर्ड के परिणाम अक्सर मई के महीने में जारी किए जाते हैं। हालांकि, बीते दो सालों में कोरोना महामारी के कारण परीक्षाएं टलने से परिणाम में भी देरी हुई। 2019 में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 30 मार्च को समाप्त हुई थी और परिणाम 17 मई को जारी कर दिया गया था। जबकि 12वीं परिणाम पहले ही जारी कर दिए गए थे। इस साल, एचबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में देरी हुई। 10वीं की परीक्षा 20 अप्रैल को समाप्त हुई जबकि 12वीं की परीक्षा 27 अप्रैल को समाप्त हुई।