माता सुंदरी रोड पर कारखाने में बीएमडब्ल्यू से लेकर तमाम महंगी कारों के एयरबैग बना रहे थे
-
1.84 करोड़ रुपये के 921 नकली एयरबैग बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
नकली एयरबैग बनाकर लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे गिरोह के तीन सदस्यों को मध्य जिला के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पुरानी दिल्ली निवासी फैजान (26), मोहम्मद फराज (35) और फुरकान (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1.84 करोड़ रुपये के 921 नकली एयरबैग बरामद किए हैं। आरोपी बीएमडब्ल्यू से लेकर तमाम बड़ी कंपनियों की कारों के नकली एयरबैग बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एयरबैग बनाने का सामान भी बरामद किया है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त एम. हर्षवर्धन के अनुसार, 16 अप्रैल को स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि माता सुंदरी रोड, गुरुद्वारे के पास कारखानों में नकली एयरबैग बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने दो कारखानों पर छापे मारे तो भगदड़ मच गई। पुलिस ने दोनों जगहों से तीन आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस को दोनों जगहों से 921 एयरबैग बरामद हुए। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कितने दिनों से इस धंधे में शामिल थे। आरोपी उन लोगों को एयरबैग बेचते थे जिन गाड़ियों का किसी न किसी वजह से एयरबैग खुल जाता था। कारखाने में तैयार करने के बाद आरोपी नकली एयरबैग के बदले मोटी कीमत वसूलते थे। आरोपियों ने नकली एयरबैग कहां-कहां सप्लाई किए हैं पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है।