ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में एक स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा-4 के एक छात्र को स्कूल के अध्यापक ने सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा कि छात्र के बाल बड़े थे। छात्र के शरीर पर मारपीट के निशान पड़े हुए हैं। घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई और वीडियो वायरल होने लगा। मामला पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन स्कूल प्रबंधन के माफी मांगने के बाद परिवार वालों ने भी पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।
शुक्रवार को छात्र ने घर में स्कूल जाने से मना कर दिया। परिवार वालों ने पूछा तो उसने बताया कि स्कूल में एक शिक्षक ने उसे बहुत पीटा है और शरीर पर चोट के निशान दिखाए। छात्र ने बताया कि उसके बाल बढ़े होने के चलते उसे पीटा गया। इसके बाद गुस्साए परिजन स्कूल पहुंच गए। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो उसमें भी पिटाई की बात सामने आई।
थाना सूरजपुर के प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि पुलिस जब स्कूल पहुंच कर मामले की जांच कर रही थी तभी शिक्षक ने अभिभावकों से माफी मांग ली। स्कूल प्रबंधन की ओर से भी घटना के लिए माफी मांगी गई। इसके बाद ही अभिभावकों का रुख नरम पड़ा तो परिवार वालों ने भी कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी है। हालांकि मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।