गुरुग्राम। सेक्टर-53 और गुरुग्राम सिटी थाना क्षेत्र में चोरों ने दो कारों के शीशे तोड़कर नकदी व सामान चोरी कर लिया। पीड़ित मौके पर पहुंचे तो शीशा टूटा देखकर चोरी का पता चला। पीड़ितों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुुताबिक, रोहित शर्मा अरावली होम्स टॉवर-3 सोहना के रहने वाले हैं। वह अपनी कार से रविवार को सदर बाजार खरीददारी करने के लिए गए थे। इस दौरान चोरों ने उनकी कार का बायीं तरफ का शीशा तोड़कर 4 हजार रुपये, 2 ट्रॉली बैग के कपड़े, सोने का ढाई लाख रुपये का हार, चार अंगूठी, पैंडल ढाई लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल चोरी कर लिए। पीड़ित सामान खरीदकर वापस आए तो कार का शीशा टूटा देखकर चोरी का पता चला। वहीं, चेतन सिंह यादव न्यू पालम विहार फेस एक में रहते हैं। 20 फरवरी को पत्नी के साथ सेंट्रल प्लाजा मॉल सेक्टर-53 गए थे। मॉल के बाहर कार खड़ी थी। शॉपिंग करके लौटे तो कार का दायीं ओर का शीशा टूटा हुआ था। उसमें रखा पर्स गायब था। पर्स में कार की एक चाबी एक सोने की चेन, मंगलसूत्र और 5500 रुपये थे। पीड़ित ने सेक्टर 53 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच अधिकारी का कहना है घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।