फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने चोरी के आरोप में दो डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अजय व अरुण के रूप में हुई है। आरोपियों ने अमेजन कंपनी से सामान का भरा बैग चोरी किया था। जिसकी कीमत लगभग 95 हजार रुपये है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर सात में चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपी दोस्त हैं और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। फिलहाल फरीदाबाद में रह रहे थे। पुलिस को दी अपनी शिकायत में पीड़ित प्रमोद ने बताया कि फरीदाबाद सेक्टर-44 में स्थित अमेजन कंपनी में सुपरवाइजर है। 26 जून को अजय व अरुण को डिलीवरी बॉय की नौकरी पर रखा था। आरोपी पहले ही दिन नौकरी पर आए और 2 बैग ले गए। इसमें 40 पैकेट सामान थे। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव प्रभारी जगमिंदर सिंह की टीम ने दोनों आरोपियों को बदरपुर बॉर्डर से मंगलवार की शाम गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी मजदूरी करते थे, उनके पास कोई स्थायी काम नहीं था। कंपनी में जब वह नौकरी पर लगे, तो काफी सामान एक साथ देखकर मन में लालच आ गया। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर आरोपी अरुण को जेल भेज दिया, जबकि अजय को एक दिन की रिमांड पर लिया गया है।