देहरादून के प्रेमनगर थाना इलाके में एक युवक ने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को युवती की हत्या के बारे में जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती का शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी और युवती पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से प्रेमनगर के विंग नंबर सात में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक शाम को करीब सवा छह बजे एक युवक प्रेमनगर थाने पहुंचा और उसने अपना नाम सुमित पुत्र यशपाल निवासी ग्राम पुरबालियान मुजफ्फर नगर बताया। पुलिस ने आने की वजह से पूछी तो उसने बताया कि एक लड़की की जान ले ली है। अभी तक उस युवक को हल्के में ले रही पुलिस के कान खड़े हो गए।
पुलिस के पूछने पर युवक ने बताया कि युवती का नाम सोनिया पुत्री वीर सिंह निवासी ग्राम पुराना थाना भैरव कला, मुजफ्फर नगर है। हत्या की जानकारी सुनकर चौकन्ना हुई पुलिस हत्यारोपी सुमित को लेकर तत्काल घटनास्थल विंग नंबर सात लेकर पहुंची तो वहां सोनिया का शव फर्श पर पड़ा था जबकि उसकी नाक से खून बह रहा था।
आसपास भी काफी मात्रा में खून पड़ा था। सूचना पर एसपी सिटी सरिता डोबाल, सीओ नीरज सहित पुलिस के आलाअधिकारी एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।