पूर्व सीएम और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर माफी मांगी है। उन्होंने लिखा है कि कल प्रेस वार्ता में थोड़ी गलती हो गई, मेरे नेतृत्व शब्द से अहंकार झलकता है। चुनाव मेरे नेतृत्व में नहीं, बल्कि मेरी अगुवाई में लड़ा जाएगा। मैं अपने उस घमंडपूर्ण उद्बोधन के लिए क्षमा चाहता हूं, मेरे मुंह से वह शब्द शोभा जनक नहीं है।
शनिवार को दिल्ली से देहरादून पहुंचने पर पूर्व सीएम और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत का कांग्रेस मुख्यालय भवन में ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया था। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया था कि 2022 का विधानसभा चुनाव उनके नेेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और सभी इसमें सहयोग करेंगे। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय नेेतृत्व का धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
कैंपेन कमेटी को लेकर मेरा क्या दायित्व है, इसे सब अपने-अपने तरीके से परिभाषित कर रहे थे। यह भी सत्य है कि इस कारण अभियान में सब लोग मुझसे नहीं जुड़ पा रहे थे, या मैं उन्हें अपने साथ नहीं जोड़ पा रहा था, लेकिन सबका जुड़ना चुनाव अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है।