ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राज्यमंत्री रेखा आर्य के कार्यक्रम में महिलाओं की चेन उड़ाने के आरोप में पुलिस ने बावरिया गैंग के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि इनका समूह हरिद्वार के विभिन्न स्थानों पर रहता है और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस ने इनके पास से कुल 10 सोने की चेन बरामद की है। जिन महिलाओं ने शिकायत की थी उन्होंने अपनी-अपनी चेन पहचान ली है। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर एसएसपी ने बताया पिछले दिनों रानीपोखरी में विश्व मासिक स्वच्छता दिवस आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री रेखा आर्य मौजूद थीं। कार्यक्रम में करीब सात से आठ हजार महिलाओं और किशोरियों ने प्रतिभाग किया था। इसी भीड़भाड़ में आठ महिलाओं ने अपनी चेन गुम हो जाने की शिकायत पुलिस से की थी। रानीपोखरी थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल सीडीआर के आधार पर पुलिस पड़ताल कर रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला और अन्य स्थानों पर कुछ बावरिया जनजाति के लोग रहते हैं। वे इस तरह की घटनाओं में पहले कई बार पकड़े भी जा चुके हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने विष्णु घाट के सामने रोड़ीबेलवाला से पांच महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से सोने की कुल 10 चेन बरामद हुई। आरोपी चेनों को रुड़की में किसी सुनार को बेचने जा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हजारो देवी, अनारो देवी, शीला देवी, जमुना देवी, बादल देवी, कालाराम और देशराज बताया। सभी मूल रूप से जनपद गंगानगर, राजस्थान के रहने वाले हैं। इसके साथ ही इनमें से कुछ लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे हैं।
--
महिला है गैंग लीडर, पति सदस्य
एसएसपी निवेदिता कुकरेती के अनुसार, इस बावरिया गिरोह की लीडर हजारो देवी है जबकि अन्य सभी इसके सदस्य हैं। हजारो का पति कालाराम भी इस गिरोह का सदस्य है। यह गिरोह इस बात जानकारी लेता रहता है कि कहां-कहां इस तरह के भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम हो रहे हैं। इसके साथ ही गिरोह के सदस्य हर की पैड़ी पर स्नान आदि के दौरान भी इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रहते हैं।