भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार से कानपुर में पहला टेस्ट खेला जाएगा। यह दोनों टीमें इससे पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भिड़ चुकी हैं। हालांकि, यह टेस्ट इंग्लैंड की पिच पर खेला गया था और वहां स्पिन का नामों-निशान नहीं था। हालांकि, कानपुर में इसके उलट स्पिनर्स अहम रोल अदा कर सकते हैं। इसके लिए टीम इंडिया के बल्लेबाज जमकर पसीना भी बहा रहे हैं।
न्यूजीलैंड के स्पिनर्स खतरनाक हैं और इसका अंदाजा भारतीय बल्लेबाजों को पहले से है। टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ खुद बल्लेबाजों को स्पिन गेंदबाजी करते दिखे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। ट्रेनिंग सेशन में द्रविड़ को इस तरह गेंदबाजी करता देख फैंस भी उत्साहित नजर आए। उन्होंने इस वीडियो को खूब शेयर किया है।
भारत इस टेस्ट सीरीज में अपने कई अहम खिलाड़ियों को मिस करेगा। विराट कोहली पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे। वहीं, रोहित शर्मा और केएल राहुल पूरी सीरीज से बाहर हैं। पहले टेस्ट में अजिंक्य रहाणे कप्तानी संभाल रहे हैं। वहीं, दूसरे टेस्ट में विराट वापसी करेंगे। इनके अलावा ऋषभ पंत, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह भी इस सीरीज से बाहर हैं।