ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग राहुल द्रविड़ के बतौर हेड कोच टीम इंडिया से जुड़ने से हैरान हैं। उन्होंने कहा कि द्रविड़ को फिलहाल अपने परिवार को समय देना चाहिए था। पोंटिंग ने इस बात की भी पुष्टि की कि उन्हें आईपीएल के दौरान कुछ लोगों ने टीम इंडिया का कोच बनने के लिए पूछा था, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर मना कर दिया।
द्रविड़ को लेकर पोंटिंग ने क्या कहा?
ग्रेड क्रिकेटर्स पॉडकास्ट से बातचीत के दौरान पोंटिंग ने कहा- मैं स्तब्ध हूं कि द्रविड़ ने कोच का पद स्वीकार कर लिया। मैं कई लोगों से सुनता हूं कि वह भारतीय अंडर-19 टीम के कोच बनकर काफी खुश थे। मुझे उनके पारिवारिक जीवन के बारे में कुछ खास पता नहीं है, लेकिन उनके बच्चे अभी छोटे हैं।
कोच बनने का ऑफर दिया गया था
पोंटिंग ने कहा- इसलिए मुझे हैरानी हुई कि परिवार की जगह उन्होंने टीम इंडिया को तरजीह दी। हालांकि, कुछ लोगों ने मुझे समझाया कि द्रविड़ को कोच बनाकर सही फैसला लिया गया है। वह जरूर टीम इंडिया के लिए अच्छा करेंगे। पोंटिंग ने यह भी बताया कि उन्हें टीम इंडिया का कोच बनने के लिए ऑफर दिया गया था।
पोंटिंग ने कोच का ऑफर ठुकराया था
उन्होंने कहा- आईपीएल के दौरान मेरी कई लोगों से हेड कोच बनने को लेकर बात हुई थी। जिनसे मेरी बात हुई वह मुझे किसी भी तरह से कोच बनाने को लेकर आतुर थे। वह चाहते थे कि मैं टीम इंडिया का कोच बनूं। इस पर मेरा सबसे पहला जवाब था कि मैं टीम को समय नहीं दे पाऊंगा। इसका यह मतलब नहीं कि मैं आईपीएल में कोचिंग नहीं करूंगा।
दिल्ली के कोच हैं रिकी पोंटिंग
पोंटिंग फिलहाल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हैं। उनकी देखरेख में दिल्ली लगातार दो बार प्लेऑफ में पहुंची है। 2020 आईपीएल में उनकी टीम रनर अप रही थी। वहीं, 2021 में दिल्ली की टीम प्लेऑफ से ही बाहर हो गई थी।