भारत ने जयपुर में खेले गए पहले टी-20 में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया। इस मैच में न्यूजीलैंड की पारी के दौरान दीपक चाहर बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे थे, तभी स्टैंड में खड़ीं उनकी बहन मालती चाहर दीपक का नाम लेते हुए चिल्लाने लगीं। मालती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से दीपक चाहर को चीयर करने वाला यह वीडियो भी शेयर किया है।
इस वीडियो में दीपक मालती से पूछ रहें है कि वो (जया भारद्वाज, दीपक की मंगेतर ) किधर है? इस पर मालती जवाब देती हैं, उधर है। मालती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- माइ फैन मूमेंट टुडे। मैच के दौरान मालती कहती है कि वे हमेशा से दीपक को ऐसे चीयर करना चाहती थीं और फाइनली उन्होंने कर लिया।
इस वीडियो में दीपक अपनी मंगेतर जया भारद्वाज के बारे में पूछते दिखाई दे रहे हैं। वे मालती से पूछते हैं कि, वो कहां है? जवाब में मालती कहती हैं कि वो ऊपर है। हाल ही में आईपीएल 2021 के दूसरे फेज के दौरान एक मैच के बाद दीपक ने जया भारद्वाज को स्टैंड में जाकर सबके सामने अंगूठी पहनाई थी।
मालती सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वो आए दिन अपने भाई के साथ फोटोज और वीडियो शेयर करती रहती हैं। मालती अपने भाई दीपक का हर मैच देखने स्टेडियम में जाती हैं। आईपीएल के दौरान भी मालती को दीपक और चेन्नई सुपर किंग्स का समर्थन करते स्टैंड्स में देखा गया था।
मैच की बात करें तो जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया यह पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच था। टॉस जीतकर रोहित ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 164 रन बनाए। मार्टिन गुप्टिल ने 70 रन और मार्क चैपमैन ने 63 रन की पारी खेली। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। तीन मैचों की सीरीज का अगला मैच 19 नवंबर को रांची में खेला जाएगा।