झज्जर। नगर परिषद की ओर से शहर में विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। नगर परिषद द्वारा दो वार्डों में गलियों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा मंगलीराम पार्क में चहारदीवारी का निर्माण भी कराया जाएगा।
इन कार्यों के लिए नगर परिषद की ओर से ऑनलाइन निविदाएं मांगी गई हैं। आगामी 6 अगस्त को निविदाएं खोली जाएंगी। इसके बाद तकनीकी और फाइनेंशियल बिड की जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। नगर परिषद ने इससे पहले भी मंगलीराम पार्क और गलियों के निर्माण को लेकर ऑनलाइन टेंडर जारी किए थे, लेकिन कम निविदाएं आने और नियमों के अनुसार फर्मों के योग्य नहीं पाए जाने के कारण दोबारा निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
नगर परिषद की ओर से वार्ड नंबर-3 स्थित मंगलीराम पार्क की चहारदीवारी का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा पार्क में अन्य बचे हुए कार्य भी पूरे किए जाएंगे। इस पर करीब 29 लाख 18 हजार 959 रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
इसके अलावा वार्ड नंबर-5 स्थित लाल सिंह कॉलोनी पार्ट-2 में गली का निर्माण करवाया जाएगा। यहां दीपक शेरिया के मकान से मूर्ति और रोहताश के मकान तक इंटरलॉक मुख्य गली का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर 42 लाख 22 हजार 856 रुपये की राशि खर्च होगी।
इसी प्रकार नगर परिषद की ओर से वार्ड नंबर-4 स्थित जयहिंद कॉलोनी में भी सीसी गली का निर्माण करवाया जाएगा। यहां बहादुरगढ़ रोड पर पंजाबी रसोई के साथ वाली गली और अन्य गलियों का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब 13 लाख 40 हजार 786 रुपये की राशि खर्च होगी।
नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने बताया कि मंगलीराम पार्क की चहारदीवारी निर्माण के लिए दोबारा टेंडर लगाए गए हैं। इसके अलावा दो वार्डों में गलियों के निर्माण के लिए भी निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।