29jjrp17- झज्जर। बिजली निगम प्रांगण में ज्ञापन देने पहुंचे कर्मचारी। स्रोत- कर्मचारी
झज्जर। शहर में बिजली निगम के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पहले बिजली निगम कार्यालय के प्रांगण में एकत्र होकर प्रदर्शन किया और एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद विरोध मार्च निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंचे, जहां प्रदर्शन के बाद डीडीपीओ को मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा।
कर्मचारियों ने बिजली विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि निजीकरण का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि आम जनता और किसानों को साथ लेकर राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा और किसी भी कीमत पर बिजली निगम का निजीकरण नहीं होने दिया जाएगा।
कर्मचारी नेता विजय हुड्डा ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारी 11, 12 और 13 अगस्त को हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों ने सरकार से संवाद के माध्यम से समाधान निकालने और बिजली निगम को सार्वजनिक क्षेत्र में बनाए रखने की मांग की।