फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: नवजोत सिंह सिद्धू ने बुलाई बैठक, कैप्टन अमरिंदर सिंह और समर्थक मंत्री नहीं पहुंचे, फ्लाप शो साबित हुई

Sat, 14 Aug 2021 12:28 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने 13 नगर निगम क्षेत्रों के सभी विधायकों की बैठक पंजाब कांग्रेस भवन में बुलाई थी। लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बैठक में नहीं पहुंचे। वह पटियाला नगर निगम क्षेत्र से विधायक हैं। इसके अलावा कैप्टन समर्थक मंत्रियों ने भी इसमें रुचि नहीं दिखाई। एजेंडा तय न होने की वजह से यह बैठक फ्लाप शो साबित हुई।
विज्ञापन
कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा शुक्रवार को 13 नगर निगम क्षेत्रों के कांग्रेस विधायकों की बुलाई गई बैठक फ्लाप-शो बन कर रह गई। सिद्धू ने पटियाला नगर निगम क्षेत्र के विधायक और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी बैठक में बुलाया था लेकिन न तो सीएम पहुंचे और न उनके समर्थक मंत्रियों ने ही बैठक में कोई रुचि दिखाई। 

विज्ञापन


कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा, मनप्रीत सिंह बादल और ओपी सोनी बैठक में हिस्सा लेने नहीं पहुंचे, जबकि बलबीर सिंह सिद्धू कुछ ही मिनट में बैठक छोड़कर चले गए। चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में शुक्रवार को यह बैठक 11 बजे बुलाई गई थी लेकिन नवजोत सिद्धू ही करीब सवा घंटा देरी से पहुंचे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू, शाम सुंदर अरोड़ा, कुलजीत सिंह नागरा, के अलावा राजिंदर बेरी, अमित विज, परगट सिंह और अश्विनी सेखड़ी समेत करीब दर्जन भर विधायक ही उपस्थित रहे। बैठक फ्लाप होने का मुख्य कारण यह रहा कि पार्टी प्रधान ने आनन-फानन बुलाई बैठक का कोई एजेंडा ही तय नहीं किया था। 
विज्ञापन


बैठक में पहुंचे किसी भी मंत्री और विधायक को यह मालूम नहीं था कि बैठक किस उद्देश्य या एजेंडे पर चर्चा के लिए बुलाई गई है। पार्टी प्रधान सिद्धू ने स्थिति संभालने का प्रयास करते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव-2022 की तैयारियों पर चर्चा होगी। लेकिन बैठक के दौरान घोषित एजेंडे के बारे में कोई भी विधायक तैयारी करके नहीं पहुंचा था और पूरी बैठक हल्की-फुल्की चर्चा तक सिमट कर रह गई।

विज्ञापन

पहले तय नहीं किया गया बैठक का एजेंडा 

विधायक परगट सिंह और कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि किन मुद्दों पर चर्चा होनी है। इसीलिए वे कोई तैयारी करके नहीं आए थे। बैठक शुरू होने पर मुद्दों का पता चला। 

कैप्टन के नेतृत्व पर सवाल खड़े करने का था एजेंडा
पार्टी सूत्रों के अनुसार, कैप्टन अमरिंदर सिंह और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच जिस दिन दिल्ली में बैठक चल रही थी, उसी दिन कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के आवास पर कैप्टन विरोधी धड़े ने भी बैठक की। इस धड़े में कैप्टन-सोनिया की बैठक में लिए गए फैसलों से बेचैनी फैल गई, क्योंकि एक तरफ तो सोनिया गांधी ने अमरिंदर सिंह को मंत्रिमंडल विस्तार की अनुमति दे दी, वहीं कैप्टन की शिकायत के आधार पर प्रदेश प्रभारी हरीश रावत को चंडीगढ़ पहुंचकर हालात का जायजा लेने का निर्देश भी दिया। 

सूत्रों का कहना है कि इस पर बैठक के दौरान ही यह फैसला लिया गया कि पार्टी प्रधान सिद्धू अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए विधायक दल की बैठक बुलाएं और कैप्टन की उपस्थिति में ही उनके कामकाज और नेतृत्व पर सवाल खड़े किए जाएं। इसके बाद पार्टी में कैप्टन की बिगड़ी छवि की तस्वीर आलाकमान के सामने प्रस्तुत की जाए। लेकिन बैठक के एजेंडे की जानकारी न होने के कारण विरोधी धड़े की सारी योजना शुक्रवार को धरी रह गई। दूसरे, कैप्टन भी इस बैठक में नहीं पहुंचे, जिसके चलते उनके बारे में कोई चर्चा ही नहीं हो सकी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें