चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने सभी विभागों से कहा है कि छात्रों को नौकरी दिलाने में पूरी मदद करें। प्लेसमेंट के लिए आने वाली कंपनियों व विभागों से बेहतर तालमेल बनाकर चलें। विद्यार्थियों को भी नौकरी के लिए बारीकियां बताएं।
पीयू से हर साल दो हजार से अधिक विद्यार्थी पासआउट होते हैं। इन विद्यार्थियों को नौकरी दिलाने के लिए विभाग कंपनियों से संपर्क साधते हैं, लेकिन कोरोना के कारण कंपनियों में सीमित स्टाफ रखा जा रहा है। ऐसे में नौकरी की संभावनाएं कुछ कम हुई हैं। इसी को देखते हुए पीयू ने विभागों से समुचित व्यवस्था करने को कहा है। उन्होंने कहा कि विभाग अपने विद्यार्थियों की खूबियों को सामने रखें और बाजार की जरूरतों को बताएं, क्योंकि यहां सीबीसीएस सिस्टम लागू हो गया है। ऐसे में एक विद्यार्थी के पास कई-कई क्षेत्रों का ज्ञान है। एक कंपनी में जगह न मिले तो दूसरी कंपनी से संपर्क साधें। कोई भी छात्र मायूस न रहे। कहा कि इस प्लेसमेंट की भूमिका रैंकिंग में होती है। ऐसे में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नौकरी दिलाएं।