विधायक रुपिंदर कौर रुबी ने कांग्रेस ज्वाइन की।
- फोटो : twitter @CHARANJITCHANNI
बठिंडा ग्रामीण से विधायक रुपिंदर कौर रूबी ने मंगलवार देर रात आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बुधवार को वह चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गईं। रुपिंदर कौर रूबी ने सांसद भगवंत मान को सीएम चेहरा घोषित करने की मांग उठाई थी। बताया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल उनकी मांग से नाराज थे। यही कारण है कि उनकी बठिंडा ग्रामीण से दावेदारी भी खतरे में मानी जा रही थी।
मंगलवार को आधी रात को ट्विटर पर रुपिंदर कौर के इस्तीफे को आप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। उन्होंने ट्विटर पर पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और आप के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान को टैग कर लिखा है कि मैं पार्टी छोड़ रही हूं। इससे पहले रुपिंदर कौर ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित राजभवन के गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और पार्टी प्रभारी हरीश चौधरी के साथ लगभग 30 मिनट तक बैठक की। बुधवार को उन्होंने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए चंडीगढ़ में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप की कथनी और करनी में जमीन आसमान का फर्क है। आप में आम लोगों और पंजाब के लोगों की कोई सुनवाई नहीं है।
राजनीतिक करिश्मा नहीं, ड्रामा है आम आदमी पार्टी: चन्नी
आम आदमी पार्टी पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बुधवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राजनीतिक करिश्मा नहीं, सिर्फ ड्रामेबाजी है। इसका पता अब सबको चल गया है, इसलिए अब लोग कांग्रेस के पास आ रहे हैं। आप विधायक रूबी को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के बाद चन्नी ने कहा कि अब पंजाब में आम आदमी का राज आ चुका है। 50 दिनों में पंजाब में सरकार ने जो भी फैसले लिए हैं वह आदमी से जुड़े हुए हैं।
‘रूबी हमारी छोटी बहन, लेकिन कांग्रेस उनके साथ धोखा न करे’
हरपाल चीमा ने बुधवार को ट्वीट कर लिखा कि रूबी हमारी छोटी बहन है लेकिन कांग्रेस उनके साथ धोखा न करे। वो कहीं पर भी जाएं खुश रहें। इस बार उनको आप से टिकट नहीं मिलने के चांस थे, इसलिए वे कांग्रेस में शामिल हो रहीं हैं लेकिन कांग्रेस से निवेदन है कि रूबी के साथ धोखा न करे और बठिंडा देहात से उनको टिकट जरूर दें।