मोगा के एक निजी नशा छुड़ाओ केंद्र के स्टाफ ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात पत्तो हीरा सिंह गांव में हुई। मृतक की पहचान निहाल सिंह वाला कस्बे के गांव मिनिया निवासी नवदीप सिंह (18) के तौर पर हुई है।
नवदीप सिंह को 10 दिन पहले ही नशा छुड़ाओ केंद्र में भर्ती करवाया गया था। पुलिस ने केंद्र के संचालक निहंग सुखपाल सिंह समेत पांच के खिलाफ धारा 302 के तहत केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: धोखा: प्यार में फंसा किया ट्रांसजेंडर का शारीरिक शोषण, जेंडर चेंज करवा लाखों ठगे... अब छुड़वा रहा पीछा
बाहर से लौटने में देरी पर भड़का था स्टाफ
शनिवार शाम को केंद्र के स्टाफ ने नवदीप को किसी से काम से बाहर भेजा था। लौटने में देरी होने पर स्टाफ ने नवदीप का पीछा करते हुए उसे बाइक समेत पकड़ लिया और रास्ते में पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी शव को निहाल सिंह वाला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के निहंग पर पिटाई का आरोप लगाया है ।
थाना निहाल सिंह वाला के एसएचओ अमनदीप सिंह ने बताया कि शनिवार रात हत्या की सूचना मिली थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। परिवार के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।