हिसार-तोशाम-बाढड़ा-महेंद्रगढ़-रेवाड़ी होते हुए केएमपी तक बनेगा फोरलेन
हरियाणा में हिसार-तोशाम-बाढड़ा-महेंद्रगढ़-कनीना-रेवाड़ी होते हुए कुंडली-पलवल-मानेसर (केएमपी एक्सप्रेस) तक फोरलेन बनाया जाएगा। सरकार का प्रयास रहेगा कि इसे फोरलेन के बजाय सिक्स लेन बनाया जाए। इस सड़क परियोजना को हाइब्रिड वार्षिकी मोड के तहत शुरू करने की सरकार ने चार मई 2021 को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान विधानसभा में यह जानकारी दी। कांग्रेस विधायक राव दान सिंह ने उनसे सवाल पूछा था। उन्होंने कहा कि सड़कों के माध्यम से राज्य की पूर्व से पश्चिम तक सीधी कनेक्टिविटी की जा रही है। पिछले दिनों वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे।
प्रदेश की सड़कों से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने व नई परियोजनाएं शुरू करने बारे विस्तार से चर्चा हुई है। महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी वाया कनीना तक की सड़क भी इस परियोजना का हिस्सा है। इसकी डीपीआर तैयार करने के लिए सलाहकार की नियुक्ति की जा रही है। ऐसे में इस कार्य के क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक स्वीकृति की व्यवस्था तय समय में कर दी जाएगी। चरखी दादरी-महेंद्रगढ़ सड़क का कार्य आवंटित हो चुका है, जल्द ही इसको भी पूरा कर दिया जाएगा।
भाजपा विधायक विनोद भ्याणा के सवाल पर दुष्यंत ने बताया कि हांसी से गांव उमरा तक व गांव उमरा से कंवारी गांव तक सड़क की अच्छी हालत होने की रिपोर्ट आई है। अगर विधायक इससे संतुष्ट नहीं है तो दोबारा इन सड़कों की रिपोर्ट मंगवाई जाएगी। उसके अनुसार ही आगे कार्रवाई करेंगे। भाजपा विधायक जगदीश नायर के सवाल पर उन्होंने कहा कि होडल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हसनपुर शहर में बाईपास निर्माण को लेकर विस्तृत सर्वे करवाएंगे। अगर यातायात की दृष्टि से वाजिब हुआ तो आगे कार्रवाई करेंगे।