वॉल्वो से दिल्ली से चंडीगढ़ आ रहे एक कारोबारी को चाय में नशा देकर एक व्यक्ति ने 30 हजार रुपये नगदी और कीमती सामान चुरा लिए। बहोशी की हालत में वह सेक्टर-17 बस अड्डे पहुंचे और वहां होश आने पर ऑटो हायर करके सेक्टर-19 स्थित घर पहुंचे। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी और अस्पताल में इलाज करवाकर पुलिस को शिकायत दी।
सेक्टर-19 थाना प्रभारी के अनुसार, सेक्टर-19 निवासी सुखविंदर सिंह ने बताया कि वह कुछ व्यवसायिक काम से दिल्ली गए थे। शुक्रवार को दिल्ली से हिमाचल रोडवेज की वॉल्वो बस में चंडीगढ़ लौट रहे थे।
बस में उनके साथ वाली सीट पर एक अज्ञात व्यक्ति बैठा था। दोनों में बातचीत होने लगी और रास्ते में उसने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। थोड़ी देर बाद उन्हें नींद आ गई और जब होश आया तो वह सेक्टर-17 बस अड्डे पर थे। उनका सारा सामान गायब था।
अज्ञात व्यक्ति उनका सोने का कड़ा, सोने की रिंग, एक आईफोन, क्रेडिट कार्ड, करीब 30 हजार रुपये नगद ले गया। वह अर्ध बेहोशी की हालत में ऑटो से घर पहुंचे और घर के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। वे उनका जीएमएसएच-16 में इलाज करवाया गया।