गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-35 के दसवीं कक्षा छात्र सचिन की अभी भी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल छात्र पहले कहता रहा है कि छात्रों ने उससे स्कूल में रैगिंग की थी। रैगिंग के बाद उसकी पिटाई की थी, लेकिन दर्ज एफआईआर में रैगिंग के बारे में सचिन ने कोई शिकायत नहीं दे रखी है। घायल छात्र के पिता दविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाना चाहती है। आरोपी छात्रों का साथ देने में पुलिस लगी हुई है।
बात-बात पर रोने लगता है मेरा बेटा
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-35 के दसवीं कक्षा छात्र सचिन की अभी भी हालत गंभीर बनी हुई है। वह शारीरिक तौर पर बेहतर हो रहा है, लेकिन मानसिक तौर पर वह हमले की वारदात को भूल नहीं पा रहा है।
इसी वजह से वह दिन भर रोता रहता है। यह बात सचिन के पिता दवेंद्र कुमार ने बताई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा छोटी छोटी बात पर रोने लगता है। कोई उससे मिलने आए तो वह मिल नहीं पता।
अपने बेटे की इसी हालत और अन्य हमलावर छात्रों को पकड़ने की गुहार पिता दवेंद्र ने मंगलवार को प्रशासक सलाहकार, डीपीआई और डीई के सामने रखी।
इस बीच उन्हें डीपीआई और डीईओ से मुलाकात हो गई, लेकिन यूटी प्रशासक सलाहकार ने उन्हें 24 जुलाई को बुलाया है।
सोने की चैन और बैग भी चोरी
उसके पिता ने बताया कि हमले के बाद से उनके बेटे का बैग और सोने की चैन भी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि सोने की चैन उन्होंने अपने बेटे को पिछले टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतने की खुशी में गिफ्ट की थी। जो हमले के बाद सचिन के गले में नहीं थी।
डीपीआई और डीईओ की मुलाकात पर पिता ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने उनसे जल्द कार्रवाई की जाएगी। डीईओ के सामने सचिन के पिता ने स्कूल प्रिंसिपल, क्लास टीचर और वाइस प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
हमलावरों को शामिल करेंगे पुलिस जांच में
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-35 में दसवीं के छात्र व नेशनल बॉक्सर सचिन पर हमला करने वाले छात्रों को सेक्टर 36 थाना पुलिस जांच में शामिल करेगी। पुलिस हमला करने वाले छात्रों के खिलाफ सबूत इकट्ठा करने में लग गई है।
छात्र सचिन की मेडिकल रिपोर्ट जीएमसीएच 32 और पीजीआई से पुलिस ले रही है। स्कूल और सेक्टर-35 की मार्केट में हुई मारपीट को देखने वाले दुकानदारों के भी पुलिस बयान दर्ज करेगी।
घायल सचिन की शिकायत पर सेक्टर-36 थाना पुलिस ने एक सप्ताह बाद दो नामजद छात्र समेत 20 अन्य छात्रों पर मारपीट का मामला दर्ज किया है।
हाफ टाइम में बहस, छुट्टी के समय पिटाई
घायल छात्र सचिन ने एफआईआर में दर्ज करवाया कि 17 जुलाई को उसकी स्कूल के हाफ टाइम में 12वीं क्लास के छात्र गुरजोत और हरी के साथ बहस हो गई थी। करीब साढ़े ग्यारह बजे हरी और गुरजोत आए और उसको पीटने लगे।
वह जान बचाकर क्लासरुम में चले गए। स्कूल में छुट्टी के बाद वह अपने दोस्त जोनी के साथ स्कूल से बाहर गया तो हरी और गुरजोत अपने बीस दोस्तों के साथ आए और उसपर हमला बोल दिया।
वह अपनी जान बचाने के लिए सेक्टर-35 की मार्केट की तरफ भागा। छात्रों ने उस पर चाय के पतीले, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सचिन ने बताया कि हमलावर युवक उसका मोबाइल फोन, सोने की चेन और स्कूल बैग छीनकर फरार हो गए।