खुड्डा लाहौरा पुल के पास मिला शव।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
चंडीगढ़ में सोमवार सुबह खुड्डा लाहौर पुल के पास नदी में 30 साल के युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से निकालकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को सेक्टर 16 के अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के असली कारणों का खुलासा होगा। सारंगपुर थाना पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शव पूरी तरह से अकड़ा हुआ है। लगभग 12 घंटे पहले इसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान रामकरण उर्फ विपिन पिता ईश्वर निवासी सिंघा देवी कॉलोनी, नाडा पिंड, थाना नयागांव, मोहाली पंजाब स्थायी पता
गांव पलड़ी, जनपद बागपत उत्तरप्रदेश के तौर पर हुई है।
सारंगपुर थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि घटना करीब साढ़े 9 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि खुड्डा लाहौरा पुल से नयागांव की तरफ जाने वाली सड़क के साथ लगती नदी में एक व्यक्ति की लाश पड़ी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव खुड्डा लाहौर पुल से करीब 100 मीटर दूर नदी में मिला था। रोहित कुमार ने बताया कि शव पर किसी तरह के कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक की जेब से एक माचिस और मास्क मिला है। उसके पैर में जूते नहीं थे और जुराबें फटी हुई थीं।
पुलिस का मानना है कि नदी में बारिश के पानी के बहाव से जूते बह गए होंगे। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे हादसा मान रही है। पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि शराब के नशे में वह नदी में गिर गया हो। हालांकि पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। यह नदी सूखी रहती है। जब शव मिला तो बारिश के कारण नदी में पानी भर गया था। पानी के बहाव के कारण पुलिस को घटनास्थल से जूतों के निशान नहीं मिले हैं।