गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके में शनिवार सुबह एक बार फिर पशु तस्करों ने तांडव मचाया। आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मी के घर पथराव कर गाय लेकर जाने लगे। मगर, आपाधापी में गाय निर्माणाधीन नाले में गिर गई। जिसके बाद पिकअप लेकर तस्कर फरार हो गए। शाहपुर पुलिस अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ बलवा, धमकी देने और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के जंगल सालिकराम निवासी राहुल कश्यप जिला अस्पताल में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार सुबह पिकअस से पहुंचे तस्कर उनके घर के सामने टीनशेड में बंधी उनकी गाय खोलकर ले जा रहे थे। खटपट की आवाज होने पर राहुल की नींद खुल गई और वह खिड़की से बाहर की ओर देखते ही शोर मचाने लगे।
आवाज सुनने के बाद पशु तस्करों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे खिड़की का शीशा टूट गया। परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी डायल 112 पर फोन करके दी। पिकअप पर लादने के दौरान गाय निर्माणाधीन नाले में गिर गई। जिसके बाद तस्कर फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से राहुल ने गाय को बाहर निकलवाया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि फुटेज की मदद से तस्करों की तलाश की जा रही है।