पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंतर्कलह के बीच एनएसयूआई ने कैप्टन फॉर 2022 मुहिम शुरू कर दी है। इस मुहिम के तहत एनएसयूआई टी-शर्ट बांट रही है, जिस पर लिखा है कि कैप्टन इज वन। मोहाली से इस मुहिम की शुरुआत मंगलवार को की गई। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अक्षय शर्मा ने मुहिम के शुभारंभ पर कार्यकर्ताओं को पंजाब सरकार की उपलब्धियों को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के निर्देश दिए।
अक्षय शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि एनएसयूआई के कैप्टन इज वन अभियान को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। पंजाब के लोगों को कैप्टन अमरिंदर सिंह, उनकी नीतियों और राज्य हितैषी कार्यक्रमों पर पूरा भरोसा है। अक्षय ने कहा कि राज्य में अगले विधानसभा चुनाव में पंजाब कांग्रेस के लिए कोई चुनौती नहीं है, 2022 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर पंजाब में सरकार बनाएगी। कांग्रेस कैडर में नया जोश भरने के लिए वन कैप्टन इज वन अभियान को संबोधित करते हुए अक्षय शर्मा ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री की प्रशासनिक उपलब्धियों, उनके उदार व्यक्तित्व के समर्थन में मिशन पूरा हुआ है।