एयरफोर्स पेपर लीक मामले में वांछित एक लाख के इनामी जगबीर दहिया को रोहतक सीआईए-3 ने बुधवार देर रात बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हरिद्वार और रुड़की में साधु के वेश में एक धर्मशाला में रह रहा था। कोर्ट के आदेश पर इनामी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
सिटी पुलिस ने रोहतक में हिसार रोड स्थित एक शिक्षण संस्था में एयरफोर्स में तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए चल रही ऑनलाइन परीक्षा में धांधली का खुलासा किया था। मामले में सोनीपत के धनाना के सोमबीर और गन्नौर के हार्दिक को गिरफ्तार किया था। संस्था संचालक जगबीर दहिया और उसका पार्टनर संजय फरार हो गए थे।
गुरुग्राम निवासी आदित्य ने भी परीक्षा केंद्र पर पेपर सॉल्व किया था। पुलिस ने जितेंद्र के गिरोह का सरगना होने का दावा किया था। मामले में सोनीपत के रोना गांव निवासी एक लाख का इनामी जगबीर दहिया फरार चल रहा था। जगबीर वर्तमान में रोहतक की राजेंद्रनगर कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हरिद्वार में साधु भेष में रह रहा था। उसे वहां पकड़े जाने का अंदेशा हुआ तो आरोपी वहां से निकल गया। सीआईए-3 इंचार्ज ललित यादव ने बताया कि सूचना मिली कि जगबीर किसी काम से बहादुरगढ़ आया है। टीम बुधवार रात बहादुरगढ़ पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पॉलीटेक्निक कॉलेज में इंस्ट्रक्टर था जगबीर
सीआईए-3 इंचार्ज के अनुसार आरोपी ने खुलासा किया है कि वह पूर्व में झज्जर और अन्य स्थानों पर पॉलिटेक्निक कॉलेज में इंस्ट्रक्टर था। बाद में वह रोहतक की एकेडमी से जुड़ गया था।