Bomb Blast in Pakistan (file photo)
- फोटो : Pak Media
पाकिस्तान में बलोचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में एक रिमोट-नियंत्रित बम फटने से दो पुलिस अधिकरियों की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। घायल हुए सात लोगों में दो पुलिस अफसर हैं जबकि अन्य नागरिक हैं, जिनमें एक युवती व तीन महिलाएं शामिल है। सरकार द्वारा देश के आतंकी संगठनों से बातचीत के बाद एक माह के संघर्ष विराम पर सहमति के बावजूद यह धमाका हुआ है।
यह धमाका नवा किल्ली में एक उच्च सुरक्षा क्षेत्र के पास पुलिस वैन को निशाना बनाकर किया गया था। धमाके के लिए करीब 5 किलोग्राम वजनी बम सड़क पर खड़ी मोटरसाइकल में फिट किया गया था। यहां बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और तालिबान आतंकी सक्रिय हैं।
तालिबान के स्थानीय प्रवक्ता ने हमलों की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है। इस लिहाज से बीएलए पर संदेह जताया जा रहा है। लेकिन अभी किसी ने भी हमले की जवाबदेही नहीं ली है। घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाके की घेराबंदी की गई है।
पहले सिर्फ घायल होने की मिली थी जानकारी
इससे पहले एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी थी कि ये बम एक रिमोट से नियंत्रित था जिसमें दो पुलिस अधिकारियों सहित सात लोग घायल हुए थे। धमाका नवा किल्ली में एक उच्च सुरक्षा क्षेत्र के पास एक पुलिस वैन को निशाना बनाकर किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) असद नासिर ने मीडिया को बताया कि करीब 4-5 किलोग्राम वजनी बम सड़क पर खड़ी मोटरसाइकिल में फिट किया गया था।
पुलिस ईगल दस्ते की वैन थी निशाना
उन्होंने कहा कि हमलावरों का निशाना एक पुलिस ईगल दस्ते की वैन थी और जब वह वहां से गुजरी, तो रिमोट कंट्रोल से बम विस्फोट किया गया। अधिकारी ने कहा कि विस्फोट में घायल हुए सात लोगों में से दो पुलिस अधिकारी हैं, जबकि बाकी नागरिक हैं। विस्फोट के बाद सुरक्षा बल और बचाव अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि घायलों को सिविल अस्पताल क्वेटा में भर्ती कराया गया है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
बलूचिस्तान वर्षों से हिंसा का गवाह रहा है। स्थानीय बलूच राष्ट्रवादी, बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) और तालिबान आतंकवादी ज्यादातर ऐसे हमलों की जिम्मेदारी लेते हैं। 2019 में संयुक्त राज्य अमेरिका ने बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी शासन से लड़ रहे बीएलए को एक आतंकवादी संगठन के रूप में नामित किया था।